नई दिल्ली। जिला कृष्णा नगर महिला कांग्रेस द्वारा लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शकरपुर में महिला आरक्षण बिल लागू करने तथा बढ़ती महंगाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष सुनीता धवन, पूर्व निगम पार्षद सवित्री शर्मा, जिला कृष्णा नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुमित शर्मा, प्रभारी पुष्पा रानी एडवोकेट, वनिता सिंह, पिंकी साहनी, दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की सचिव प्रियंका चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष सुजाता चौहान, निर्मल सिंह, सुनीता खन्ना, सुषमा सुमन सहित अनेक महिला कार्यकर्ता एवं स्थानीय साथी उपस्थित रहे।
महिलाओं ने केंद्र सरकार से जल्द से जल्द महिला आरक्षण बिल लागू करने की मांग उठाई। साथ ही पेट्रोल, डीजल और दूध की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की तथा आम जनता पर बढ़ती महंगाई के बोझ को कम करने की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान सभी महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पोस्टकार्ड भेजकर महिला आरक्षण बिल लागू करने की अपील की। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाकर महिलाओं ने अपने समर्थन और विरोध को लोकतांत्रिक तरीके से व्यक्त किया।
नेताओं ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए और महिला आरक्षण बिल को शीघ्र लागू करना देश की आधी आबादी के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।