नई दिल्ली। महिला आरक्षण बिल 2023 को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर जिला कृष्णा नगर महिला कांग्रेस द्वारा कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र के गीता कॉलोनी ब्लॉक में जोरदार हस्ताक्षर एवं पोस्टकार्ड अभियान चलाया गया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पोस्टकार्ड भेजकर महिला आरक्षण कानून को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कृष्णा नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता धवन ने कहा कि संसद द्वारा पारित महिला आरक्षण बिल को जल्द से जल्द लागू किया जाना चाहिए ताकि देश की आधी आबादी को राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व मिल सके। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों और उनकी राजनीतिक भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने हस्ताक्षर कर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार से महिला आरक्षण लागू करने की मांग दोहराई। महिलाओं ने कहा कि देश के विकास और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर प्रभारी पुष्पा रानी, पिंकी साहनी, पूर्व निगम पार्षद बेसी लाल, सुनीति मेहता, धीरज डेम सहित गीता कॉलोनी ब्लॉक महिला कांग्रेस की मीनाक्षी रस्तोगी, गीता, शारदा, प्रेमवती, कमलेश, जीवणी, बेचनी देवी, सुनीता देवी, प्रीति, संगीता, मीरा, किरन, परमजीत कौर तथा अन्य महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
महिला कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण कानून लागू होने तक उनका जनजागरण और संघर्ष अभियान निरंतर जारी रहेगा।