- सुनील पराशर
इस्पात उपभोक्ता मंच (Steel Consumer Forum-SCF) के तत्वावधान में आयोजित एक गरिमामय समारोह में केंद्रीय एवं विभिन्न राज्यों के लिए चयनित पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में देशभर से जुड़े समाजसेवियों, उद्योग विशेषज्ञों एवं प्रशासनिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।
नियुक्ति पत्र इस्पात उपभोक्ता मंच की राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती निवेदिता शर्मा द्वारा प्रदान किए गए। इस अवसर पर ‘विकसित भारत अभियान’ के अतिरिक्त प्रमुख एवं इस्पात उपभोक्ता मंच के केंद्रीय समन्वयक डॉ. संतोष राय, केंद्रीय उपाध्यक्ष मेजर रमेश चंद्र उपाध्याय, केंद्रीय निदेशक श्री राजीव लोचन श्रीवास्तव, इस्पात सलाहकार बोर्ड के मुख्य सदस्य एवं दिल्ली पुलिस के सेवानिवृत्त विशेष आयुक्त श्री दीपक मिश्रा तथा सलाहकार सदस्य सरदार रवि रंजन सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह में केंद्रीय स्तर पर विधि विभाग से सेवानिवृत्त श्रीमती हरजीत कौर को सचिव (सेक्रेटरी) तथा दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त एसीपी श्री वीर सिंह को केंद्रीय जांच इकाई (सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन यूनिट) का दायित्व सौंपा गया। राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती निवेदिता शर्मा एवं मुख्य अतिथि श्री दीपक मिश्रा ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।

राज्य स्तर पर भी विभिन्न महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की गई। श्री पटेल विजयकुमार फुलाभाई को गुजरात राज्य अध्यक्ष, श्री के. लक्ष्मण दास को छत्तीसगढ़ राज्य अध्यक्ष, श्री सौरभ अग्रवाल (कोसीकलां, मथुरा) को उत्तर प्रदेश राज्य उपाध्यक्ष, श्रीमती सुषमा सिंह को दिल्ली राज्य निदेशक, श्री प्रवीण दत्त चतुर्वेदी को आयरन एंड स्टील बिजनेस प्रमोशन काउंसिल, दिल्ली राज्य निदेशक तथा श्रीमती उषा गुप्ता को उत्तर-पश्चिम दिल्ली जिला सदस्य नियुक्त किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती निवेदिता शर्मा, केंद्रीय समन्वयक डॉ. संतोष राय एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष मेजर रमेश चंद्र उपाध्याय ने सभी चयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. संतोष राय ने कहा कि इस्पात उपभोक्ता मंच देश में इस्पात उद्योग के विकास, युवाओं के लिए रोजगार सृजन तथा उद्योग एवं उपभोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चयनित अधिकारी अपने-अपने राज्यों में इस्पात उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
डॉ. राय ने इस्पात की गुणवत्ता, नवाचार और शून्य कार्बन उत्सर्जन (Zero Carbon Emission) को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए कहा कि मंच इस दिशा में उद्योग जगत को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। साथ ही इस्पात उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भी निरंतर कार्य किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती निवेदिता शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि इस्पात उद्योग देश के आर्थिक विकास की रीढ़ है और इसके सुदृढ़ीकरण से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को बल मिलेगा। उन्होंने मंच के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से समर्पण, पारदर्शिता और सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, औद्योगिक विकास तथा उपभोक्ता हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस्पात उपभोक्ता मंच देश में इस्पात उद्योग और उपभोक्ता कल्याण के क्षेत्र में एक सशक्त एवं प्रभावी भूमिका निभाएगा।