नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रखर समाजवादी नेता चंद्रशेखर की जयंती के अवसर पर 25 जून 2026 को राजधानी दिल्ली में एक विशेष विचार संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का विषय “अलोकतांत्रिक प्रवृत्तियों का उभार – देश और दुनिया में” रखा गया है, जिसमें देश के वरिष्ठ बुद्धिजीवी, पत्रकार, साहित्यकार और समाजवादी चिंतक अपने विचार रखेंगे।
यह कार्यक्रम डिप्टी स्पीकर हॉल, कॉन्स्टीट्यूशन क्लब, रफी मार्ग, नई दिल्ली में सायं 5:00 बजे से आयोजित होगा। आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम की तिथि आपातकाल घोषणा की पूर्व संध्या होने के कारण भी विशेष महत्व रखती है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कवि, समालोचक एवं सांस्कृतिक कर्मी अशोक वाजपेयी, इंडियन एक्सप्रेस की योगदान संपादक एवं चर्चित स्तंभकार नीरजा चौधरी, पूर्व सांसद के.सी. त्यागी, वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक चिंतक संतोष भारती तथा वरिष्ठ समाजवादी नेता रमाशंकर सिंह वक्ता के रूप में भाग लेंगे।
आयोजन समिति का कहना है कि वर्तमान राष्ट्रीय और वैश्विक परिदृश्य में लोकतांत्रिक मूल्यों के समक्ष उभरती चुनौतियों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका तथा लोकतंत्र की रक्षा के प्रश्नों पर गंभीर विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक अरुण श्रीवास्तव ने देश के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों, विद्यार्थियों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर संवाद को सार्थक बनाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर का सार्वजनिक जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों, वैचारिक प्रतिबद्धता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उनकी जयंती पर आयोजित यह विचार संवाद समकालीन चुनौतियों पर गंभीर चिंतन का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा।