नई दिल्ली। मातृ आंचल सेवा संस्थान ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित विश्व कल्याण हेतु 111 दिवसीय अखंड श्रीराम चरित मानस पाठ का भव्य समापन 26 जुलाई 2026 को श्रीराम मंदिर, जे-75, वेस्ट करावल नगर, दिल्ली-94 में होगा। यह धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन 6 अप्रैल 2026 से निरंतर संचालित किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में सहभागिता कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संकल्प साध्वी कमलेश भारती द्वारा लिया गया है। आयोजन का उद्देश्य विश्व शांति, मानव कल्याण, सनातन संस्कृति के संरक्षण तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है। इस दौरान 108 अखंड रामायण पाठ आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं रामभक्त अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ समाज में नैतिक मूल्यों, प्रेम, सद्भाव और धर्म के प्रति आस्था को सुदृढ़ करने का माध्यम है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, संत प्रवचन एवं विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जाएगा।
मातृ आंचल सेवा संस्थान ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने तथा विश्व कल्याण की इस आध्यात्मिक साधना में सहभागी बनने का आह्वान किया है।