नई दिल्ली। अर्जुन अवॉर्डी एवं कॉमनवेल्थ चैंपियन भारत केसरी संजय पहलवान के अखाड़े, मजनूं टीला, दिल्ली में दिल्ली रेसलिंग एसोसिएशन (भारतीय शैली) द्वारा भारतीय शैली कुश्ती महासंघ के तत्वावधान में मासिक इनामी दंगल का सफल आयोजन किया गया।
दंगल में लगभग 70 कुश्तियां कराई गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौ. राजसिंह पहलवान (अध्यक्ष, दिल्ली रेसलिंग एसोसिएशन भारतीय शैली) ने की, जबकि दंगल का संचालन अंतरराष्ट्रीय रेफरी एवं कोच जगबीर सिंह दहिया ने किया।


कार्यक्रम में मरघट वाले बाबा हनुमान मंदिर के पंडित वैभव शर्मा का विशेष आशीर्वाद तथा चेयरमैन महेंद्र भास्कर का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
दंगल के आयोजन में चौ. भोला पहलवान, पुरुषोत्तम इंदौरिया, किरणपाल तोमर, चौ. देवेश टांक, चौ. वरुण टांक, अंतरराष्ट्रीय कोच गौरव सहरावत, अंतरराष्ट्रीय एसएआई कोच सूरज सहरावत, महावीर मुन्नी, सरजू खलीफा, चौ. पवन, लव पहलवान, खलीफा अजय यादव तथा शिवम पहलवान का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


दंगल के दौरान बैंकॉक में आयोजित अंडर-15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान अरमान चाहर का स्वागत सुभाष यादव तथा कुश्ती किंग बबली पहलवान सर्फाबाद द्वारा किया गया।
इस अवसर पर दिल्ली रेसलिंग एसोसिएशन (भारतीय शैली) के वरिष्ठ महासचिव बैजनाथ सूद का जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया गया। एसोसिएशन की ओर से उनका विशेष सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में अर्जुन अवॉर्डी अशोक गर्ग, बिजेंद्र दहिया सहित अनेक गुरु, उस्ताद, खलीफा, कोच एवं अन्य अतिथियों का सम्मान किया गया। दंगल के समापन पर सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन भी किया गया।
दंगल में माइक संचालन संजय सूद ने किया, जबकि मंच संचालन नरेंद्र सिंह ओहल्यान ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।