नई दिल्ली। सनातन धर्म महासभा दिल्ली द्वारा गोस्वामी श्री तुलसीदास जयंती महोत्सव के स्वर्णिम 50वें वर्ष के उपलक्ष्य में 13 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह संगीतमय एवं आध्यात्मिक कथा प्रसिद्ध कथा व्यास प्रोफेसर एकता आदित्य ‘सिया’ द्वारा मधुर वाणी में प्रस्तुत की जाएगी।
आयोजन प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से 6:00 बजे तक श्री राम मंदिर, पॉकेट-1, मयूर विहार फेज-1, दिल्ली-110091 में होगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, भक्ति एवं धर्म के संदेशों से अवगत कराया जाएगा।
महोत्सव के अंतर्गत 19 अगस्त 2026, बुधवार को प्रातः 11:30 बजे लाल किला स्थित गोस्वामी श्री तुलसीदास चौक पर गोस्वामी श्री तुलसीदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर चांदनी चौक के निगम पार्षद श्री सुमन कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सनातन धर्म महासभा दिल्ली के सचिव श्री सुरेंद्र मोहन गुप्ता ने बताया कि संस्था पिछले 50 वर्षों से तुलसीदास जयंती महोत्सव का सफल आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ श्रीराम कथा एवं माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
संस्था के अध्यक्ष सुशील कुमार गोयल ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज को नैतिकता, भक्ति और सदाचार का मार्ग दिखाती हैं। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई है।