तरुण मित्र परिषद द्वारा बाल कलाकार धार्मिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । परिषद के महासचिव मनोज कुमार जैन ( मनोनीत निगम पार्षद ) ने कहा कि तरुण मित्र परिषद गत 51 वर्षों से निरन्तर समाज के पिछड़े व उपेक्षित वर्ग की सेवा सहायता कर रही है ।
परिषद के महासचिव अशोक जैन ने बताया कि श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, लक्ष्मी नगर में आयोजित 23 वीं वार्षिक भव्य नृत्य प्रतियोगिता में 20 बाल कलाकारों ने अपनी परम्परागत वेषभूषा में अपनी अनूठी कला का प्रदर्शन कर सभी उपस्थित कला प्रेमियों का मन मोह लिया तथा नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों को अपनी कला निखारने का सुअवसर मिला । अध्यापिका नन्दिनी जैन के कुशल निर्देशन में आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में अंजली जैन, रितु जैन सोगानी व अनुराधा जैन ने आद्रिका, अनिका व डिम्पल जैन को क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय घोषित किया। सभी विजेताओं को विशेष व अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार परिषद के पदाधिकारी रविन्द्र जैन की ओर से भेंट किए गए। मंच संचालन शुभम जैन व संजय जैन ने किया।
इस अवसर पर परिषद के कोषाध्यक्ष अजय जैन, सहसचिव आलोक जैन, रविन्द्र कुमार जैन, मंदिर अध्यक्ष संजय जैन, जैन मिलन के क्षेत्रीय अध्यक्ष राजेश जैन आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।