कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कांग्रेस विधायक दल के नेता डी.के. शिवकुमार को राज्य का मुख्यमंत्री पद संभालने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया है। राज्यपाल द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि उन्हें सरकार गठन का दावा प्रस्तुत करने संबंधी शिवकुमार का पत्र प्राप्त हुआ है।

राज्यपाल ने डी.के. शिवकुमार को अपनी मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया है। पत्र के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह 3 जून 2026 को शाम 4:05 बजे बेंगलुरु स्थित लोक भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा।

राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा हस्ताक्षरित इस पत्र की प्रति कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में भी डी.के. शिवकुमार को भेजी गई है। इस घटनाक्रम के साथ ही कर्नाटक में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से आगे बढ़ गई है।
राजनीतिक हलकों में इस घोषणा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है और अब सभी की निगाहें 3 जून को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।