नई दिल्ली, 12 जून। गुरु साहिब की अपार कृपा और संगत के आशीर्वाद से गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, ए-ब्लॉक, प्रीत विहार में 16 जून 2026 (मंगलवार) को एक भव्य “शुक्राना कीर्तन समागम” का आयोजन किया जाएगा। यह आध्यात्मिक कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से आरंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
समागम की शुरुआत श्री रहरास साहिब के पाठ से होगी। इसके पश्चात हजूरी रागी जत्था द्वारा गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पटना साहिब से पधार रहे प्रसिद्ध कीर्तनकार भाई सरबजीत सिंह जी का दिव्य गुरबाणी कीर्तन होगा, जो संगत को गुरु चरणों से जोड़ने का संदेश देंगे।

आयोजकों के अनुसार समागम का उद्देश्य गुरु साहिब के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना तथा समाज में प्रेम, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रसार करना है। कार्यक्रम के समापन पर अरदास के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए गुरु का लंगर आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर लवली एवं गुरचरण सिंह राजू ने समस्त संगत एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने तथा कीर्तन रस का आनंद लेने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम विवरण:
स्थान: गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, ए-ब्लॉक, प्रीत विहार, दिल्ली
तिथि: 16 जून 2026 (मंगलवार)
समय: शाम 6:30 बजे से
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।