62 श्रद्धालुओं ने निःस्वार्थ भाव से किया रक्तदान
- अनिल कुमार
मानव मात्र के कल्याण के लिए सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के दिव्य मार्गदर्शन में ब्रांच करोलबाग, दिल्ली स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मिशन के 62 श्रद्धालु भक्तों ने निःस्वार्थ भाव से रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
रक्त संग्रहण के लिए हिंदूराव अस्पताल के ब्लड बैंक की चिकित्सक टीम विशेष रूप से उपस्थित रही, जिसने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित रूप से रक्त संग्रहित किया।

इस अवसर पर संत निरंकारी मंडल के रोशन मीनार श्री अशोक मनचंदा तथा मेडिकल विभाग के कोऑर्डिनेटर डॉ. नरेश अरोड़ा ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जनकल्याण के लिए समर्पित रक्तदाताओं की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, जो जरूरतमंदों को नया जीवन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के समापन पर शिविर के संयोजक श्री सुरजीत सिंह अलघ ने सभी गणमान्य अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सकों तथा उनकी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहा है और रक्तदान के क्षेत्र में देशभर में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि संत निरंकारी मिशन द्वारा अब तक देशभर में 9,325 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से लगभग 15,03,220 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया है। यह उपलब्धि मिशन की मानव सेवा एवं जनकल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
संत निरंकारी मिशन समाज उत्थान के लिए समय-समय पर विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का संचालन करता रहा है तथा निष्काम सेवा की भावना से मानवता की सेवा में निरंतर योगदान दे रहा है। लोककल्याण से प्रेरित ये सेवाएं भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रहेंगी।