नई दिल्ली। आसफ अली रोड स्थित श्रीराम हनुमान वाटिका मंदिर में गुरु पूर्णिमा का पर्व संकल्प, विश्वास, श्रद्धा और आस्था के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर के महंत श्रीरामगोपाल दास महात्यागी की व्यासपीठ पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का उनके दर्शन और पूजन के लिए तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने तिलक लगाकर, आरती उतारकर तथा पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूर्व निगम पार्षद अशोक जैन, समाजसेवी मनोज गुप्ता, विख्यात ज्योतिषाचार्य प्रमोद शास्त्री सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महंत श्रीरामगोपाल दास महात्यागी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि भारत में गुरु-शिष्य परंपरा अनादि काल से हमारी संस्कृति की आधारशिला रही है। गुरु के प्रति श्रद्धा और समर्पण भारतीय संस्कृति की महान पहचान है। ऋषि-मुनियों और संत-महात्माओं ने अपने ज्ञान, तप और संस्कारों से समाज को दिशा प्रदान की है तथा राष्ट्र को ज्ञान की अमूल्य धरोहर दी है।
कार्यक्रम के अंत में महंत श्रीरामगोपाल दास महात्यागी ने सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और समाज में सद्भाव, सेवा तथा आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।