आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने अपने क्षेत्र में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, हरियाली, बुनियादी सुविधाओं और चौबीसों घंटे नागरिक सेवाओं की निगरानी के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। एनडीएमसी अध्यक्ष श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने तैयारियों की समीक्षा के बाद बताया कि 41 प्रमुख सड़कों को 14 सर्किलों में बांटकर प्रत्येक के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो अपनी टीमों के साथ प्रतिदिन निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने बताया कि नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप आकर्षक बनाने के लिए 15 स्थानों पर पुष्प सज्जित बोर्ड, 9 स्थानों पर पुष्प फव्वारे तथा 17 गोलचक्करों पर विशेष सौंदर्यीकरण एवं विद्युत सजावट की जाएगी। सुरक्षा कारणों से अन्य चिन्हित प्रमुख स्थलों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। 9 से 14 सितंबर तक अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और विशेष रात्रि टीमों की तैनाती के साथ चौबीसों घंटे सफाई व्यवस्था रहेगी। यांत्रिक सफाई मशीनों, अस्थायी कूड़ेदानों और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था के साथ आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।

एनडीएमसी द्वारा मौसमी फूलों का रोपण, हरित गलियारों का रखरखाव, झाड़ियों की छंटाई और सजावटी पौधे लगाने के साथ सड़कों के गड्ढों एवं फुटपाथों की मरम्मत, सड़क संकेतकों, रेलिंग, सार्वजनिक शौचालयों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। स्ट्रीट लाइट और सजावटी रोशनी के लिए अतिरिक्त विद्युत व्यवस्था तथा त्वरित कार्रवाई दल भी तैनात रहेंगे। ब्रिक्स से संबंधित जानकारी 154 डिजिटल स्क्रीन और करीब 83 सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों पर प्रदर्शित की जाएगी।
सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण, अनधिकृत होर्डिंग, अवैध पार्किंग और निर्माण गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाए जाएंगे। चिन्हित स्थानों पर चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस तैनात करने, खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और मच्छर नियंत्रण के उपाय भी किए जाएंगे। बारिश की स्थिति में जलभराव रोकने तथा प्रभावी जल निकासी के लिए विशेष तैयारी रहेगी।

ब्रिक्स बाजार, ब्रिक्स रन एंड राइड, ब्रिक्स म्यूरल एवं पेंटिंग तथा ब्रिक्स फूड फेस्टिवल जैसे आयोजनों के लिए भी नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। नागरिक सेवाओं की वास्तविक समय में निगरानी के लिए चौबीसों घंटे नियंत्रण कक्ष और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर संचालित होगा। एनडीएमसी विदेश मंत्रालय, दिल्ली सरकार, जिला प्रशासन, दिल्ली पुलिस तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहा है।
श्री द्विवेदी ने बाजार व्यापारun संघों, निवासी कल्याण संघों तथा एनडीएमसी क्षेत्र की सभी संस्थाओं से स्वच्छता और बेहतर नागरिक प्रबंधन में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से नई दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और आगंतुकों के समक्ष स्वच्छ, सुरक्षित, हरित और सुव्यवस्थित शहर के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।