नई दिल्ली। सावन मास के चौथे एवं अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर झण्डेवाला देवी मंदिर में भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर स्थित ऊपरी शिवालय एवं प्राचीन गुफा वाले शिवालय में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।


इस अवसर पर झण्डेवाला देवी मंदिर के ट्रस्टी एवं अतिरिक्त प्रबंधक श्री रवीन्द्र गोयल ने बताया कि प्राचीन गुफा वाले शिवालय में केवल पूर्व में बुकिंग कराने वाले श्रद्धालुओं द्वारा ही रुद्राभिषेक कराया गया। वहीं, ऊपरी नवीन शिवालय में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक शिवलिंग पर दूध एवं पवित्र जल अर्पित किया। जलाभिषेक का क्रम पूरे दिन जारी रहा।
श्री रवीन्द्र गोयल ने बताया कि सावन मास के प्रथम सोमवार से लेकर अंतिम सोमवार तक प्रत्येक सोमवार को प्राचीन गुफा वाले शिवालय में पाँच बार विधिवत रुद्राभिषेक कराया जाता है, जिसमें श्रद्धालु बड़ी आस्था एवं उत्साह के साथ सम्मिलित होते हैं।

उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। श्रद्धा और भक्ति से भगवान भोलेनाथ की पूजा करने से भक्तों को सुख, शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन एवं जलाभिषेक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मंदिर के सेवादार एवं स्वयंसेवक पूरे दिन तत्पर रहे। दर्शन एवं जलाभिषेक के उपरांत मंदिर के निकासी द्वार पर श्रद्धालुओं के लिए खीर प्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर माता रानी एवं भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।