मृदुभाषी, मिलनसार और जन-जन में लोकप्रिय नेता को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लेते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन, पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का महासचिव (संगठन) नियुक्त किया है।

यह नियुक्ति दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव की अनुशंसा तथा एआईसीसी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल की पूर्व स्वीकृति के बाद की गई। नियुक्ति संबंधी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति दिल्ली पीसीसी प्रभारी एवं विधायक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन द्वारा जारी की गई।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपनी सक्रियता, सौम्य व्यक्तित्व और मजबूत जनसंपर्क के लिए पहचाने जाने वाले अनिल भारद्वाज लंबे समय से कांग्रेस संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। एक मृदुभाषी, मिलनसार और जन-जन में लोकप्रिय नेता के रूप में उनकी पहचान केवल पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता के बीच भी उनकी गहरी पैठ मानी जाती है।

दिल्ली कांग्रेस के कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन के रूप में उन्होंने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया है। संगठनात्मक अनुभव, राजनीतिक समझ और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल उनकी विशेषता रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महासचिव (संगठन) के रूप में उनकी नियुक्ति से दिल्ली कांग्रेस को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस नियुक्ति को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। पार्टी के विभिन्न नेताओं और सामाजिक संगठनों ने अनिल भारद्वाज को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए इसे संगठन हित में एक सकारात्मक कदम बताया है।

एक्रेडिटेड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं राष्ट्र टाइम्स के संपादक विजय शंकर चतुर्वेदी ने अनिल भारद्वाज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “अनिल भारद्वाज एक अनुभवी, कर्मठ और जमीनी नेता हैं। उनका सरल स्वभाव, संवाद क्षमता और कार्यकर्ताओं से आत्मीय जुड़ाव उन्हें विशेष बनाता है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस संगठन को नई दिशा और नई गति मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में संगठन को ऐसे अनुभवी और जनप्रिय नेतृत्व की आवश्यकता है, जो कार्यकर्ताओं और जनता के बीच मजबूत संवाद स्थापित कर सके। अनिल भारद्वाज निश्चित रूप से इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और प्रभावशीलता के साथ निभाएंगे।
दिल्ली कांग्रेस में इस नियुक्ति को आगामी राजनीतिक रणनीतियों और संगठन विस्तार की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।